देहरादून में सफल रहा बंदर पकड़ो अभियान, लोगों को मिली बड़ी राहत

देहरादून: देहरादून नगर निगम का बंदर पकड़ो अभियान अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। शहर में बंदरों के कारण होने वाली घटनाओं और शिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। निगम अधिकारियों के अनुसार, अभियान शुरू होने के बाद से नागरिकों की शिकायतों में करीब 90 प्रतिशत तक गिरावट आई है।

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने बताया कि मार्च 2026 से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नगर निगम की विशेष टीम प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से पहुंचकर बंदरों को पकड़ती है और उन्हें सुरक्षित जंगलों में छोड़ती है।

नगर निगम के अनुसार, अभियान पूरी योजना के साथ संचालित किया जा रहा है। हर महीने दो से तीन बार टीम विभिन्न इलाकों में पहुंचकर तीन से चार दिनों तक लगातार अभियान चलाती है। इससे बंदरों की संख्या में प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला है।

रेलवे स्टेशन, हनुमान चौक और खुरबुड़ा जैसे क्षेत्रों में पहले बंदरों का आतंक आम बात थी। अब इन क्षेत्रों में लोगों ने राहत महसूस की है। पार्षदों की ओर से भी बंदरों को लेकर शिकायतें पहले की तुलना में काफी कम हो गई हैं।

नगर निगम ने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि किसी नए क्षेत्र से शिकायत मिलती है तो टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी, ताकि शहर में बंदरों की समस्या दोबारा गंभीर न होने पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *