लगातार बारिश से उफान पर गौला नदी, बैराज का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

उत्तराखंड में जारी मानसूनी बारिश का असर हल्द्वानी में भी देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही वर्षा के चलते गौला बैराज का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि गौला नदी भी तेज बहाव के साथ उफान पर है। प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक गौला बैराज में जलस्तर 90,164 रिकॉर्ड किया गया। जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण प्रशासन हर घंटे स्थिति की समीक्षा कर रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।

नैनीताल की जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल बंद मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राहत और बचाव दलों को हर समय तैयार रहने को कहा गया है।

प्रशासन ने गौला बैराज से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़े जाने के निर्देश दिए हैं ताकि अतिरिक्त दबाव को कम किया जा सके। वहीं नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *