रामनगर में बाइक चोरी का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिस को लिखित शिकायत देने के बावजूद उसे तहरीर की रिसीविंग तक नहीं दी गई। कई दिनों तक कोतवाली के चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल का दरवाजा खटखटाया।
पीड़ित के अनुसार, 14 जुलाई को उसने अपनी बाइक मंगल बाजार के पास खड़ी की थी। बाजार से लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन के बाद उसने उसी दिन पुलिस को लिखित शिकायत दे दी।
युवक का कहना है कि जब वह शिकायत की कॉपी और रिसीविंग लेने पहुंचा तो उसे अलग-अलग अधिकारियों के पास भेजा गया। इस दौरान उसे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला और शिकायत की स्थिति भी नहीं बताई गई।
कई दिनों तक लगातार प्रयास के बावजूद कोई समाधान न मिलने पर युवक ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी। उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
