पौड़ी के जाख शाखा डाकघर में वित्तीय अनियमितता, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

पौड़ी जिले के खिर्सू विकासखंड स्थित जाख शाखा डाकघर में खाताधारकों के खातों से कथित रूप से अवैध धन निकासी का मामला सामने आया है। शिकायतों के बाद डाक विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दो खातों में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य खातों की जांच अभी जारी है।

जांच टीम ने शाखा डाकघर पहुंचकर खाते, पासबुक रिकॉर्ड और निकासी संबंधी दस्तावेजों का मिलान किया। अधिकारियों के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि अन्य खातों में भी अनियमितता मिलती है तो उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि शाखा पोस्ट मास्टर और सहायक शाखा पोस्ट मास्टर ने बिना खाताधारकों की सहमति के कई खातों से धनराशि निकाल ली। इसके अलावा दोनों कर्मचारियों पर लंबे समय तक डाकघर से अनुपस्थित रहने और डाक वितरण में भी लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत बिष्ट ने बताया कि दो महिलाओं के खातों से लाखों रुपये की निकासी का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पीड़ितों ने विभाग से धनराशि वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

डाकघर अधीक्षक विपिन भट्ट ने कहा कि दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खाताधारकों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *