हर्रावाला से रवाना हुई विशेष रेल यात्रा, मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

देहरादून: उत्तराखंड सरकार की पहल पर आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत हर्रावाला रेलवे स्टेशन से विशेष रेल यात्रा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्होंने इसे आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का उत्सव बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ भारत की उस ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है जिसने अनेक चुनौतियों के बावजूद अपनी पहचान और गौरव को बनाए रखा। ऐसे धार्मिक स्थलों की यात्रा लोगों में इतिहास और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करती है।

उन्होंने बताया कि इस विशेष ट्रेन में लगभग 700 श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं। इनमें महिलाओं के स्वयं सहायता समूह, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इससे समाज के हर वर्ग को धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। राज्य सरकार लगातार ऐसी योजनाएं लागू कर रही है, जिनसे लोगों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल सके।

उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सफल प्रवास की कामना करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *