रुड़की: पिरान कलियर थाना क्षेत्र के हबीबपुर नवादा गांव में शुक्रवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका नीलू सैनी की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, नीलू की शादी करीब दस वर्ष पहले बसंत सैनी से हुई थी। परिवार में चार बेटियां हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि बेटियों के जन्म के बाद से नीलू के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
मृतका के पिता नीतू राम सैनी का कहना है कि कई बार उनकी बेटी घायल हुई और उसका इलाज भी कराया गया। उनका आरोप है कि शुक्रवार रात हुई मारपीट के कारण नीलू की मौत हुई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
