रुड़की: मंगलौर के पुराने गंग नहर पुल पर शनिवार दोपहर एक युवती द्वारा नहर में छलांग लगाने से हड़कंप मच गया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की तत्परता और बहादुरी के चलते युवती की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि युवती ग्राम बसवा खेड़ी की रहने वाली है। वह कुछ देर तक पुल पर खड़ी रही और फिर अचानक नहर में कूद गई। घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने युवती को नहर से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवती अब पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
मंगलौर कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर युवती से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों की बहादुरी की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
