भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की मुहिम तेज, जनता से मांगा सहयोग

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए विजिलेंस विभाग अपनी कार्रवाई लगातार तेज कर रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और इसके साथ भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को भी गति देने का संकल्प दोहराया।

एडीजी विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि विभाग अब तक 18 अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। इनमें दो राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष जांच विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि करीब 40 मामले शासन स्तर पर लंबित हैं, जिन पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्णय लिया जाएगा। विभाग प्रत्येक मामले में कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन कर रहा है।

डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के फैसलों की समीक्षा करना विभाग की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इससे जांच में हुई संभावित कमियों की पहचान होती है और भविष्य में उन्हें दूर करने के लिए सुधार किए जाते हैं। यदि कोई सरकारी गवाह अदालत में अपने बयान से पलट जाता है तो उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो बिना डर के 1064 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। जनता की सतर्कता और सहयोग से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *