मसूरी के पिक्चर पैलेस इलाके में एक निजी निर्माणाधीन भवन के पास वर्षा जल निकासी अवरुद्ध किए जाने के आरोप के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासी यश गुप्ता ने दावा किया है कि मॉल रोड से आने वाले बारिश के पानी का रास्ता ईंटों की चिनाई कर बंद कर दिया गया है।
यश गुप्ता का कहना है कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है और यहां जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार का बदलाव विभाग की अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि बारिश के मौसम में पानी का प्राकृतिक बहाव रुकने से सड़क पर पानी जमा होगा। इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ-साथ वाहनों और पैदल चलने वालों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि समय रहते यदि जल निकासी को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में सड़क को नुकसान पहुंच सकता है। इसके चलते प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग तेज हो गई है।
यश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यदि विभाग ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो वह मामले को उपजिलाधिकारी के समक्ष रखकर सरकारी सड़क पर हुए कार्यों की जांच कराने की मांग करेंगे।
