देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा महिला मोर्चा ने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तीन माह का विशेष कार्यक्रम घोषित किया है। संगठन का लक्ष्य महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना और चुनावी अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि संगठन की तैयारियां लगातार जारी हैं। सभी जिलों और मंडलों की बैठकें सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं। अब महिला कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्यों के लिए ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 15 से 30 जुलाई के बीच विधानसभा स्तर पर लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और सफल महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करना है।
अगस्त के पहले पखवाड़े में महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला पंचायत, बीडीसी और ब्लॉक स्तर की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। सम्मेलन के माध्यम से संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय को मजबूत किया जाएगा।
सितंबर के पहले पंद्रह दिनों में सभी विधानसभा क्षेत्रों में टिफिन बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में भाजपा की वरिष्ठ महिला कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर उनके अनुभवों और सुझावों को आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाया जाएगा। महिला मोर्चा का मानना है कि संगठन की मजबूती में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
