संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उत्तराखंड में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन संत रविदास के विचारों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने हमेशा समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। आज भी उनकी शिक्षाएं समाज को एकजुट करने और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने की प्रेरणा देती हैं।
देशराज कर्णवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने इसे संत रविदास के आदर्शों के अनुरूप बताया।
कार्यक्रम के तहत 29 जुलाई को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी जाएगा और वहां से पवित्र कलश लेकर उत्तराखंड पहुंचेगा। 30 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार बॉर्डर पर कलश का स्वागत करेंगे।
इसके बाद पवित्र कलश को चुड़ियाला गांव स्थित मंदिर में स्थापित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।
