देहरादून: नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट में उत्तराखंड ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन दर्ज कराया है। प्रदेश सरकार ने इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू विकास योजनाओं और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का परिणाम बताया है।
सरकार का कहना है कि पहाड़ी राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड ने विकास की नई दिशा तय की है। रिपोर्ट में राज्य को पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में पहला तथा देश में 11वां स्थान मिलने से प्रदेश की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
रिपोर्ट के अनुसार रोजगार के क्षेत्र में उत्तराखंड का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर रहा है। श्रम बल भागीदारी दर में बढ़ोतरी राज्य की मजबूत अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की दिशा में उठाए गए कदमों को दर्शाती है।
निवेश और उद्योग के क्षेत्र में भी उत्तराखंड लगातार आगे बढ़ रहा है। सरकार के अनुसार सिंगल विंडो सिस्टम और उद्योगों को बेहतर वित्तीय सहायता मिलने से नए निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
नवाचार, पेटेंट और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन ने राज्य की नई पहचान बनाई है। सरकार का कहना है कि विकास की इस गति को आगे भी बनाए रखने के लिए कई नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
