रुड़की में कल हुए विवाद के बाद राज्यमंत्री देसराज कर्णवाल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में एक युवक हथियार और कारतूस के साथ दिखाई दे रहा है, जिसे भीम आर्मी समर्थक बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, विवाद राज्यमंत्री और भीम आर्मी नेता महक सिंह के समर्थकों के बीच हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों ने झबरेड़ा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी थी।
वायरल वीडियो को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी चर्चा बनी हुई है।
