राजधानी देहरादून में एंटी-रेबीज वैक्सीन की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि वैक्सीन की आपूर्ति अब तेजी से सामान्य हो रही है और जल्द ही सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों सप्लाई बाधित होने के कारण कई अस्पतालों में वैक्सीन की कमी देखने को मिली थी। हालांकि विभाग ने स्थानीय स्तर पर खरीद कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि महानिदेशालय से मिलने वाली सप्लाई प्रभावित होने के कारण दिक्कत बढ़ी थी। वहीं निजी विक्रेताओं के पास भी सीमित स्टॉक होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अब विभाग को करीब 1,000 एंटी-रेबीज वैक्सीन मिल चुकी हैं और पुराने सप्लायर्स ने भी दोबारा नियमित आपूर्ति शुरू कर दी है। सीएमओ ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन आसानी से उपलब्ध होगी।
