देहरादून: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री Satpal Maharaj ने अपनी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा करवाया है। बीमा प्रीमियम और सेवाकर सहित 3,67,995 रुपये की धनराशि का चेक उन्होंने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami को सौंपा।
इस मौके पर Hemant Dwivedi और भाजपा युवा नेता Suyash Rawat भी उपस्थित रहे।
सतपाल महाराज ने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति पिछले कई वर्षों से चारधाम यात्रियों की सुरक्षा के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस वर्ष भी United India Insurance Company Limited के माध्यम से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सहयोग से 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है।
उन्होंने कहा कि चारों धामों के लिए 2.50-2.50 करोड़ रुपये का बीमा कवर निर्धारित किया गया है। मंदिर परिसर में भगदड़, प्राकृतिक आपदा, ईश्वरीय जोखिम अथवा आतंकवादी घटना जैसी परिस्थितियों में प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर आने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार यात्रा की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी और मौसम में बदलाव के कारण स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए आवश्यक दवाइयां और जरूरी सामान साथ रखें।
उन्होंने यात्रियों से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की भी अपील की।
