देहरादून के पनेशिया अस्पताल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान झुलस गए। एडीएम के के मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित निकालकर दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल को सीज कर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।
कैलाश अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पनेशिया अस्पताल से मरीजों को रेस्क्यू कर उनके यहां भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर पवन शर्मा के अनुसार, छह गंभीर मरीजों को आईसीयू में रखा गया है और उनका इलाज जारी है।
मृतक महिला के बेटे कमल पाल ने बताया कि उनकी मां को शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा कि अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
