राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा और राहत व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और आपदा प्रबंधन टीमों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
मौसम विभाग के अनुसार जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ने की आशंका है। अस्पतालों को भी हीट स्ट्रोक से जुड़े मामलों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
डीएम ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। प्रशासन द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।
