हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक हाथी रिहायशी इलाके में घूमता दिखाई दिया। कांवड़ पटरी मार्ग पर इमाम साहब और बिजली घर के पास हाथी को टहलते देख लोगों में दहशत फैल गई।
सुबह के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण कई राहगीर घबराकर इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी काफी देर तक इलाके में घूमता रहा, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार, यह वही हाथी है जो पहले भी कई बार कलियर और आसपास के क्षेत्रों में नजर आ चुका है। लगातार आबादी वाले इलाकों में हाथी की एंट्री से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
