रुड़की में ईदुल अज़हा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों लोगों ने अदा की नमाज़

ईदुल अज़हा के मौके पर रुड़की की ईदगाह में रविवार सुबह भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे और पूरे श्रद्धा भाव के साथ नमाज़ अदा की। सुबह से ही ईदगाह परिसर में नमाज़ियों का पहुंचना शुरू हो गया था। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं।

ईदगाह में नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। नमाज़ अदा कराने के बाद मुफ़्ती सलीम ने अपने संबोधन में देश में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआ की। उन्होंने कहा कि ईदुल अज़हा का पर्व त्याग, प्रेम और इंसानियत का संदेश देता है, जिसे हर व्यक्ति को अपनाना चाहिए।

मुफ़्ती सलीम ने कहा कि समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और हमेशा एक-दूसरे के सम्मान और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ें।

उन्होंने मुस्लिम समुदाय से यह भी अपील की कि वे अपने व्यवहार से किसी को भी परेशानी न पहुंचाएं और देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं। ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *