उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अस्थायी रूप से रोकी गई केदारनाथ यात्रा

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार खराब हो रहे मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

रविवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग समेत चारधाम क्षेत्र में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने जिले में भारी वर्षा, तेज आंधी, बिजली गिरने और भूस्खलन की आशंका जताई है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर यात्रा मार्ग पर मौजूद सभी श्रद्धालुओं को नजदीकी होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सभी सेक्टर अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को लगातार निगरानी बनाए रखने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन और राहत एजेंसियों को भी पूरी सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा, भूस्खलन, सड़क अवरोध या अन्य आपात स्थिति की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र या डायल 112 पर दें।

चारधाम समेत गढ़वाल के कई क्षेत्रों में बारिश

रविवार को चारधाम क्षेत्र सहित गढ़वाल मंडल के अधिकांश इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मसूरी, उत्तरकाशी, श्रीनगर गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, नई टिहरी और कोटद्वार समेत कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है।

पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *