देहरादून: अजय भाटेजा हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अमित भाटेजा को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक बैग और वाहन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।
यह मामला 19 मई को हुए चर्चित हत्याकांड से जुड़ा है, जिसे एक वर्ष बीत चुका है। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पहले 19 मई को शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 23 मई को उसकी सहयोगी और प्रेमिका हुमैरा को भी हिरासत में लिया गया।
मुख्य आरोपी अमित भाटेजा फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार 5 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते करवाई गई थी। अमित भाटेजा ने अपने सौतेले भाई अजय भाटेजा की संपत्ति हड़पने के लिए राजन और उसकी प्रेमिका को आधी संपत्ति देने का लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
