शांत और स्वच्छ नैनीताल की ओर बड़ा कदम, माल रोड पर हॉर्न बजाने वालों पर होगी कार्रवाई

नैनीताल: नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 1 अगस्त से माल रोड पर हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे ध्वनि प्रदूषण कम होगा और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और व्यवस्था को सफल बनाने के लिए समय रहते जरूरी इंतजाम पूरे करें।

प्रशासन की योजना है कि शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बड़े सूचना बोर्ड लगाए जाएं ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक और वाहन चालक पहले से नियमों की जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

माल रोड पर नियमों के पालन की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। स्थानीय व्यापार संगठनों, टैक्सी यूनियन, नाव संचालकों और अन्य संस्थाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंच सके।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे इस पहल को केवल नियम नहीं बल्कि नैनीताल के पर्यावरण और पर्यटन को सुरक्षित रखने का अभियान समझें। उन्होंने कहा कि सहयोग से ही इस व्यवस्था को सफल बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *