भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देहरादून महानगर भाजपा की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और विभिन्न आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि पार्टी द्वारा दूसरे सप्ताह में जिले स्तर पर विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, जो देश और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सोमवार सुबह विभिन्न मंदिरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, विधानसभा स्तर की कोर कमेटी बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति दी जाएगी।
बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। पार्टी कार्यकर्ताओं को इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। बैठक में सभी आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की गई और जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
