देहरादून: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने काशीपुर से फईम अहमद को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से .32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और 09 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जांच में पता चला कि आरोपी ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस बनवाया था। एसटीएफ अब इस लाइसेंस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एसटीएफ के अनुसार, अब तक ऑपरेशन प्रहार के तहत 11 आरोपियों की गिरफ्तारी, 15 अवैध हथियार, 350 से अधिक कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं। अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
एसएसपी एसटीएफ ने फर्जी लाइसेंस रखने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं अपने लाइसेंस सरेंडर कर दें। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति फर्जी लाइसेंस के साथ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस की सूचना एसटीएफ को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
