रुड़की के झबरेड़ी खुर्द गांव में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम उस समय विवादों में आ गया, जब राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और कुछ ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम के दौरान हुई धक्का-मुक्की और मंत्री के हाथ में ईंट लेकर आगे बढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
मामला झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी खुर्द गांव का है, जहां राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल लोगों की समस्याएं सुनने के लिए बहुद्देश्यीय शिविर में पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने मोबाइल फोन पर भीम आर्मी से जुड़ा गाना बजाया और नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि मंत्री ने युवक का मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में समर्थकों और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। वायरल वीडियो में मंत्री हाथ में ईंट लिए दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद उनकी पत्नी वैजयंती माला की भी कुछ युवकों से बहस होती नजर आ रही है।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री समर्थकों ने उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की और युवाओं को डराने का प्रयास किया गया।
वहीं राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से कार्यक्रम का माहौल खराब करने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि राजनीतिक नारेबाजी कर कार्यक्रम में बाधा डाली गई और उनके साथ मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।
मंत्री की पत्नी वैजयंती माला ने भी कहा कि बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है। दोनों पक्षों ने झबरेड़ा थाने में तहरीर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी हुई है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
