रामनगर-काशीपुर मार्ग पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसा नेशनल हाईवे-309 स्थित पीरुमदारा के पास हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
मृतक की पहचान प्रतापपुर निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। वह अपने साथी कपिल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात कार चालक ने कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
रास्ते में रविंद्र की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। कपिल का इलाज फिलहाल काशीपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
