उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (यूबीएसई), रामनगर ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिषद ने संस्थागत और व्यक्तिगत दोनों श्रेणी के परीक्षार्थियों के लिए आवेदन की समय-सीमा और परीक्षा शुल्क जारी कर दिया है। छात्रों और विद्यालयों से निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि संस्थागत परीक्षार्थियों के आवेदन 31 जुलाई 2026 तक संबंधित विद्यालयों के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को 14 अगस्त 2026 तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। निर्धारित तिथि के बाद भी 150 रुपये विलंब शुल्क के साथ 24 अगस्त तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
शुल्क संरचना भी परिषद की ओर से जारी कर दी गई है। हाईस्कूल संस्थागत छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क 200 रुपये और इंटरमीडिएट संस्थागत छात्रों के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए हाईस्कूल का शुल्क 600 रुपये और इंटरमीडिएट का शुल्क 700 रुपये रखा गया है।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए विद्यालय सभी दस्तावेजों का समय पर सत्यापन करें। छात्रों को भी आवेदन भरते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी और विषयों का चयन सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद का कहना है कि समय पर आवेदन करने से अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचा जा सकेगा। बोर्ड ने सभी प्रधानाचार्यों और अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने की अपील की है।
