यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय गैण्डखाल में हुए विवाद के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद गठित चार सदस्यीय जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडे ने बताया कि शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। टीम को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
