रुड़की में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। अभियान के अंतिम चरण में अधिकारी यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से छूटने न पाए।
तहसील स्तर पर बनाई गई टीमों के माध्यम से बीएलओ लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। वे घर-घर जाकर निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Form) उपलब्ध करा रहे हैं और उन्हें भरवाकर वापस भी जमा कर रहे हैं। साथ ही लोगों की शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने मतदाता संबंधी विवरण को समय पर सत्यापित कराए। उन्होंने कहा कि समय रहते आवेदन पूरा करने से भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल मतदाता सूची तैयार करना नहीं, बल्कि उसे पूरी तरह सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का सहयोग आवश्यक है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि बीएलओ उनके घर पहुंचे तो आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर प्रक्रिया में सहयोग करें। इससे अभियान निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा।
