भगवानपुर के आम के बाग में मारपीट, दर्जनों लोगों पर हमला करने का आरोप

भगवानपुर थाना क्षेत्र के बेलकी मसाई गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गुरुवार शाम हिंसक झड़प हो गई। आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मजदूरों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मजदूर बाग में नियमित रूप से आम तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और बिना अनुमति आम तोड़ने लगे। मजदूरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ देर बाद बड़ी संख्या में युवक मौके पर पहुंचे और मजदूरों के साथ मारपीट की। हमले में फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य मजदूर को भी चोटें आईं।

घटना के बाद बाग में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि हमलावर जाते समय आम भी साथ ले गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल भेजा। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *