माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव को भव्य बनाने के लिए 23 उपसमितियों का गठन

सरोवर नगरी नैनीताल में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री राम सेवक सभा की बैठक में महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए 23 उपसमितियों के गठन का निर्णय लिया गया।

डॉ. ललित तिवारी ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होगा। 16 सितंबर को कदली दल रवाना किया जाएगा, 19 सितंबर को देवी प्रतिमाओं की स्थापना होगी और 23 सितंबर को पारंपरिक डोला नगर भ्रमण निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान कन्या पूजन, विश्व शांति हवन और महाभंडारे जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के नागरिकों, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को आयोजन में सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा, ताकि यह महोत्सव जनसहभागिता का उदाहरण बन सके।

बैठक में श्री राम सेवक सभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *