सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की तैयारी, बस चालकों का होगा अनिवार्य हेल्थ चेकअप

देहरादून: यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देहरादून आरटीओ प्रशासन ने शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अब सभी सिटी बस चालकों और परिचालकों की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी, जबकि बसों की फिटनेस भी अनिवार्य रूप से जांची जाएगी।

आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने कहा कि हाल की सड़क दुर्घटनाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है। इसी वजह से विशेष जांच अभियान शुरू किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम रेंजेस ग्राउंड में मेडिकल कैंप लगाएगी। यहां चालकों की आंखों की रोशनी, ब्लड प्रेशर, हृदय संबंधी समस्याओं समेत अन्य जरूरी जांच की जाएगी।

परिवहन विभाग का मानना है कि चालक की अच्छी स्वास्थ्य स्थिति सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आरटीओ ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में भी सख्ती जारी है। ऐसे मामलों में लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित किए जा रहे हैं और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *