रुड़की में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूटीयू पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का मौका नहीं दिया।
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कांग्रेस सेवा दल कार्यालय पर ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया और सरकार विरोधी नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना और अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना उनका अधिकार है। लेकिन पुलिस कार्रवाई से यह अधिकार प्रभावित हुआ है।
कांग्रेस सेवादल महानगर अध्यक्ष रणवीर नागर ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए ताकि छात्रों का भरोसा शिक्षा व्यवस्था पर बना रहे।
