‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को मिली बड़ी सफलता, 15 लाख की कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.521 किलो कैटामाइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी स्कूटी से ड्रग्स की खेप लेकर सप्लाई के लिए निकले थे। पुलिस को पहले से इसकी सूचना थी, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया।

बरामद पदार्थ की मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक से जांच कराई गई, जिसमें उसकी पुष्टि कैटामाइन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार और अंकित तिवारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहां से आया, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *