सिर्फ पेट नहीं, बच्चों के दिमाग को भी नुकसान पहुंचा रहा जंक फूड; डॉक्टरों ने दी गंभीर चेतावनी

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बच्चों की पसंद तेजी से बदल रही है। पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, चिप्स और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे जंक फूड अब बच्चों की रोजमर्रा की डाइट का हिस्सा बनते जा रहे हैं। माता-पिता अक्सर इसे सिर्फ स्वाद या कभी-कभार की ट्रीट समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन विशेषज्ञों की मानें तो यह आदत बच्चों की मानसिक सेहत पर गहरा असर डाल रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि जंक फूड सिर्फ पाचन तंत्र को ही खराब नहीं करता, बल्कि बच्चों के दिमाग के विकास को भी प्रभावित करता है। किशोरावस्था वह समय होता है जब बच्चों का दिमाग तेजी से विकसित हो रहा होता है। ऐसे में गलत खानपान उनकी सीखने की क्षमता, याददाश्त, एकाग्रता और व्यवहार पर नकारात्मक असर डाल सकता है। अविजीत प्रकाश यादव, जो कैलाश दीपक अस्पताल से जुड़े हैं, बताते हैं कि ज्यादा प्रोसेस्ड और अनहेल्दी फूड खाने से दिमाग की कोशिकाओं के बीच तालमेल प्रभावित होने लगता है। इससे बच्चों की नई चीजें सीखने, ध्यान लगाने और भावनाओं को नियंत्रित करने की क्षमता कमजोर हो सकती है।

बच्चों में दिख सकते हैं ये लक्षण

डॉक्टरों के अनुसार जो बच्चे नियमित रूप से जंक फूड खाते हैं, उनमें धीरे-धीरे कई मानसिक और व्यवहारिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इनमें ध्यान भटकना, पढ़ाई में फोकस की कमी, चिड़चिड़ापन, जल्दी थकान महसूस होना और कमजोर याददाश्त जैसी समस्याएं शामिल हैं।

इसके अलावा ज्यादा चीनी और प्रोसेस्ड फूड खाने से बच्चों की एनर्जी अचानक बढ़ती है, लेकिन थोड़ी देर बाद वे बेहद सुस्त और थका हुआ महसूस करने लगते हैं। इसे “एनर्जी स्विंग्स” कहा जाता है, जो बच्चों की एक्टिविटी और मूड दोनों को प्रभावित करता है।

पोषण की कमी बन रही बड़ी वजह

विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों के दिमाग के सही विकास के लिए प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन और हेल्दी फैट जैसे पोषक तत्व बेहद जरूरी हैं। लेकिन जंक फूड में ये पोषक तत्व लगभग नहीं के बराबर होते हैं। लगातार अनहेल्दी खाना खाने से शरीर और दिमाग में सूजन बढ़ सकती है, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता और भावनात्मक संतुलन प्रभावित होता है।

भविष्य में भी हो सकता है बड़ा असर

डॉक्टरों का मानना है कि बचपन में बनी गलत खानपान की आदतें लंबे समय तक साथ रहती हैं। यही वजह है कि कम उम्र में शुरू हुई अनहेल्दी डाइट भविष्य में मानसिक तनाव, नींद की समस्या, आलस और व्यवहार संबंधी दिक्कतों का कारण बन सकती है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई, आत्मविश्वास और इमोशनल वेलबीइंग पर पड़ता है।

माता-पिता क्या करें?

विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों पर पूरी तरह पाबंदी लगाने के बजाय संतुलित और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की जरूरत है। बच्चों को घर का ताजा खाना खिलाना, फलों और हेल्दी स्नैक्स की आदत डालना, आउटडोर गेम्स के लिए प्रेरित करना और पर्याप्त नींद सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

छोटी-छोटी अच्छी आदतें बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को मजबूत बना सकती हैं और उन्हें भविष्य में स्वस्थ जीवन जीने में मदद कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *