रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामूली कहासुनी के बाद होटल संचालकों और उनके साथियों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 आरोपी अभी फरार हैं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 17 मई को बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात शव मिला था। शव पर चोटों के कई निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और शव की पहचान के प्रयास शुरू किए।
पुलिस ने गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल पर शव की तस्वीर अपलोड की। इसके बाद मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों को उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश भेजा गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी 23 वर्षीय कलीम के रूप में हुई।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आसपास लगे करीब 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक काली क्रेटा कार संदिग्ध नजर आई। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस होटल धरोहर तक पहुंची।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कलीम और उसका भाई कामिल रोजगार की तलाश में भगवानपुर आए थे। दोनों रात में खाना खाने होटल पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि होटल में मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कामिल वहां से बचकर भाग निकला, लेकिन कलीम की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को क्रेटा कार में डालकर नदी किनारे फेंक आए। पुलिस ने सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल डंडे, मोबाइल फोन और कार भी बरामद कर ली गई है।
