नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल के भवाली क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। सेनेटोरियम–रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन में सवार पांच लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और SSB की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए। बचाव टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों के साथ SDRF की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी रहीं। प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
