रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा गया।
घटना रामनगर नई बस्ती की बताई जा रही है, जहां सलेमपुर राजपूतान निवासी सोनम अपने मायके आई हुई थी। पीड़िता का कहना है कि उसकी भाभी सपना के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। 19 मई को सपना के भाई अपने साथ कई लोगों को लेकर पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के कपड़े फाड़े, लाठी-डंडों से हमला किया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो सका।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
