मसूरी में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी को याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में सूचना क्रांति की शुरुआत कर भारत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का काम किया। कंप्यूटर और मोबाइल तकनीक को आम जनता तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण आज देश डिजिटल युग में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि राजीव गांधी युवा सोच और आधुनिक भारत के प्रतीक थे। उन्होंने देश को नई तकनीक और विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का विजन आज भी देश के युवाओं को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
