पौड़ी जिले में गुलदार के लगातार बढ़ते हमलों ने ग्रामीणों की जिंदगी को भय के साये में धकेल दिया है। खंडाह क्षेत्र में लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब ग्रामीणों ने श्रीनगर–पौड़ी हाईवे पर जाम लगाकर वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से केवल औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।
औणी गांव में हाल ही में हुई घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। देर शाम एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया, लेकिन महिला के पति ने बहादुरी दिखाते हुए पत्थर फेंककर गुलदार को वहां से भगाया। इस घटना के बाद गांव में डर का माहौल है और लोग बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि गुलदार आतंक को आपदा घोषित किया जाए और प्रभावित गांवों में तुरंत सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए जाएं। लोगों ने वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।
एसडीएम नूपुर वर्मा, डीएफओ महातिम यादव समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात सुचारु किया गया।
