रुड़की: शास्त्री नगर इलाके में रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया। बाइक पर आए दो युवकों ने कथित तौर पर तमंचा लहराकर इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के एक युवक का कुछ लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपी युवक उसके घर के बाहर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक के पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर लोगों को डराने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में चले गए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
