गिरिजा देवी मंदिर परिसर में मूर्ति रखने को लेकर बढ़ा विवाद, मंदिर समिति ने उठाए सवाल

रामनगर स्थित प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर परिसर में बिना अनुमति हनुमान जी की मूर्ति रखे जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंदिर समिति ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन और पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मंगलवार को मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. निशांत पपनै सहित कई पदाधिकारी एसडीएम गोपाल सिंह चौहान से मिले और उन्हें शिकायती पत्र सौंपा। समिति का आरोप है कि सोमवार देर रात कुछ लोगों ने गुपचुप तरीके से मंदिर परिसर में हनुमान जी की मूर्ति रख दी, जबकि इसके लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।

समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां मंदिर की शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सामाजिक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।

वहीं एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि करणी सेना की ओर से मूर्ति स्थापना को लेकर पहले एक प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन रात में इस तरह मूर्ति रखे जाने की घटना गंभीर है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस व वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *