रुड़की के होटल में युवक-युवती के शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड के एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार युवक पेशे से पेंटर था और बीते दिन एक युवती के साथ होटल में ठहरा हुआ था। होटल कर्मचारियों के मुताबिक रात करीब 9 बजे के बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले। अगले दिन चेकआउट का समय होने पर जब होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ रुड़की ओशिन जोशी और सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो युवक और युवती के शव बेड पर पड़े मिले। घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे से साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए कब्जे में ले लिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि मृत युवक की पहचान नत्थूखेड़ी निवासी के रूप में हुई है। युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और फिलहाल किसी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है।

पुलिस होटल कर्मचारियों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *