देहरादून में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अमरदीप गैस एजेंसी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई की पुष्टि जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) के.के. अग्रवाल ने की है। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, गैस एजेंसी में हाल ही में हुए एक पारिवारिक विवाद और उससे उत्पन्न परिस्थितियों के कारण एजेंसी का संचालन प्रभावित हो रहा था। तकनीकी और प्रशासनिक कारणों को देखते हुए जनहित में यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि विभागीय जांच के दौरान यह पाया गया कि एजेंसी का कामकाज सुचारु रूप से नहीं चल पा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा होने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए एजेंसी को निलंबित किया गया। हालांकि, प्रशासन ने उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी है। अमरदीप गैस एजेंसी से जुड़े सभी उपभोक्ताओं को नजदीकी तीन अन्य गैस एजेंसियों से जोड़ने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अब उपभोक्ता बिना किसी रुकावट के निर्धारित एजेंसियों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना और गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखना है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उचित कदम उठाए जाएंगे।
