पौड़ी। जनपद पौड़ी के सतपुली स्थित रामलीला मैदान में कुंज नवयुवती ट्रस्ट (सतपुली) द्वारा आयोजित पूर्व छात्र मिलन समारोह बड़े ही उत्साह, गरिमा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व छात्र, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से सांस्कृतिक रंगों में रंगा नजर आया। सुप्रसिद्ध लोकगायक गजेंद्र राणा, मंगलेश डंगवाल और विवेक नौटियाल ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और कार्यक्रम का आनंद लिया।
समारोह के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने इस मंच को आपसी जुड़ाव, भाईचारे और क्षेत्रीय विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘दिशा ध्याणी’ बेटियों का सम्मान रहा। इस अवसर पर कुल 263 बेटियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया। मीनू डंगवाल और नीलम चौहान ने दिशा ध्याणियों को सम्मानित किया।
आयोजक जगदम्बा डंगवाल ने कहा कि बेटियों का सम्मान पूरे समाज के लिए गर्व की बात है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत सतपुली अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, पूर्व जिला सहकारी बैंक निदेशक नरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंथोला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण वेदी ने किया।
