जनपद चम्पावत में रविवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं।
जनपद मुख्यालय चम्पावत में 4 और लोहाघाट में 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। कुल 3417 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2151 ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जो 62.95 प्रतिशत उपस्थिति दर्शाता है, जबकि 1266 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई और पूरी प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन पर प्रशासन ने संतोष जताया।
