उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल में रविवार को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। तेज गर्जना और बिजली की चमक के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने शहर का जनजीवन प्रभावित कर दिया। बारिश के चलते नैनीताल घूमने आए पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश शुरू होते ही नैनी झील में बोटिंग कर रहे पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। कई नावें बीच झील में फंस गईं, जिन्हें नाव चालकों ने सावधानीपूर्वक सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। वहीं, मॉल रोड और अन्य पर्यटन स्थलों पर घूम रहे लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेड का सहारा लेते दिखाई दिए।
लगातार बारिश के कारण शहर की कई नालियां जाम हो गईं, जिससे पानी सड़कों पर बहने लगा। पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता भी काफी कम हो गई। हालांकि बारिश के बाद मौसम बेहद सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी के बीच नैनीताल का ठंडा मौसम पर्यटकों को राहत भी देता नजर आया।
