मानसून के दौरान परिवहन विभाग हाई अलर्ट पर, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष अब तक सुचारू रूप से संचालित हो रही है। यात्रा के सफल संचालन को लेकर परिवहन विभाग ने संतोष व्यक्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस बार सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया गया, जिसका सकारात्मक असर दुर्घटनाओं में कमी के रूप में देखने को मिला है।

देहरादून के आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए अब तक 35,800 से अधिक ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा ट्रिप कार्ड की संख्या में भी पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

मानसून शुरू होने के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग ने बस, टैक्सी और ट्रक यूनियनों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी वाहन चालकों को यात्रा से पहले अपने वाहनों की तकनीकी जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

आरटीओ प्रशासन ने विशेष रूप से टायर, वाइपर, ब्रेक, हेडलाइट और पार्किंग लाइट की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

संदीप सैनी ने बताया कि मानसून के दौरान सभी एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारियों और टास्क फोर्स को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *