देहरादून को मिली क्विक रिस्पॉन्स टीम, बड़े आयोजनों के बाद तुरंत होगी सफाई

देहरादून: राजधानी देहरादून में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने क्विक रिस्पॉन्स टीम की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पांच अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।

इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए एक अहम कदम बताया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के शहरों को ग्रीन और क्लीन बनाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह विशेष टीम तैयार की है।

उन्होंने जानकारी दी कि शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन और अन्य भीड़भाड़ वाले आयोजनों के बाद जमा होने वाले कचरे को क्विक रिस्पॉन्स टीम तत्काल हटाएगी। इससे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलेगी और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।

नगर निगम का कहना है कि इस व्यवस्था से सफाई कार्यों की गति बढ़ेगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और देहरादून को स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में नई ऊर्जा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *