भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी, हर बूथ पर मजबूत टीम बनाने की योजना

देहरादून: उत्तराखंड में चुनावी माहौल बनने से पहले भारतीय जनता पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुट गई है। पार्टी बूथ प्रबंधन को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता मानते हुए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी अलग चुनावी टीम और प्रदेश चुनाव संचालन समिति का गठन करती है। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए जाते हैं, जिससे चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने बताया कि संगठन का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को भाजपा से जोड़ना है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर सदस्यता और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधे पहुंच बनाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। संपर्क अभियान के माध्यम से लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर संगठन की पहुंच को और व्यापक बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा ही चुनावी सफलता की नींव होता है। इसी उद्देश्य से भाजपा प्रदेशभर में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *